अमृत विहार न्यूज

अमृत विहार न्यूज/गोह
औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड में दो दिवसीय देवकुंड महोत्सव के आयोजन पर अब सियासी सवाल उठने लगे हैं। भाजपा के उपहारा मंडल अध्यक्ष सह गोह प्रखंड 20 सूत्री सदस्य राजीव कुमार विद्यार्थी ने महोत्सव को ‘प्रशासनिक विफलता’ करार देते हुए अपनी ही सरकार के इस आयोजन पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है।
राजीव विद्यार्थी ने कहा कि विगत तीन वर्षों से आयोजित हो रहा यह महोत्सव अब अपने मूल उद्देश्यों से भटक गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की तिथि निर्धारण से पूर्व स्थानीय राजनीतिक व सामाजिक सरोकार रखने वाले लोगों से कोई मंत्रणा नहीं की गई। जिले के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन को आमंत्रित न करना प्रशासन की बड़ी चूक है, जिससे देवकुंड के सर्वांगीण विकास की योजनाओं पर चर्चा का अवसर हाथ से निकल गया।
उन्होंने मंच पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ हुए व्यवहार पर भी उंगली उठाई। मंडल अध्यक्ष के अनुसार,जनप्रतिनिधियों को मंच पर बुलाया तो गया,लेकिन स्थानीय प्रशासन उन्हें उचित सम्मान देना भूल गया।उन्होंने भविष्य में इन कमियों को सुधारने और महोत्सव की गरिमा बहाल करने की मांग की है।



