अमृत विहार न्यूज

संवाद सहयोगी|गोह
गोह (औरंगाबाद)। अपनी मेहनत और मेधा के दम पर ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थी भी अब आसमान छू रहे हैं। औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड अंतर्गत आंधी बिगहा(बनतारा) स्थित श्री सिंह उच्च विद्यालय के छात्र मनीष कुमार ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर इलाके का मान बढ़ाया है। मनीष का चयन बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा ‘टॉपर वेरिफिकेशन’ के लिए किया गया है।
आज पटना में होगा साक्षात्कार
मनीष कुमार को बोर्ड द्वारा आधिकारिक बुलावा भेजा गया है, जिसके तहत आज शनिवार को पटना स्थित मुख्य कार्यालय में उनका साक्षात्कार और हैंडराइटिंग वेरिफिकेशन होगा। इस प्रक्रिया के बाद ही राज्य की मेधा सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

सुदूर ग्रामीण इलाके से निकलकर गाड़े सफलता के झंडे
मनीष एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं और प्रखंड के सुदूरवर्ती इलाके के रहने वाले हैं। तमाम अभावों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई को बाधित नहीं होने दिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक आलोक कुमार ने मनीष की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा:
”मनीष शुरू से ही अत्यंत मेधावी और अनुशासित छात्र रहा है। हमें पूरी उम्मीद है कि वह न केवल जिले का, बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन करेगा। उसकी इस सफलता से स्कूल के अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी।”
इलाके में खुशी की लहर
जैसे ही मनीष के टॉपर वेरिफिकेशन के लिए चयनित होने की सूचना मिली, गोह प्रखंड और आंधी बिगहा गांव में खुशी का माहौल व्याप्त हो गया। स्थानीय ग्रामीणों और शिक्षकों ने मनीष के उज्जवल भविष्य की कामना की है। सभी को अब फाइनल रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है।



