अमृत विहार न्यूज

गौतम उपाध्याय
हसपुरा/गोह
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय के परीक्षा परिणामों में औरंगाबाद जिले के हसपुरा प्रखंड के दो मेधावी सितारों ने अपनी मेहनत से पुरे प्रखंड का मान बढ़ाया है। सीनियर सेकेंडरी स्कूल पथरौल देवहरा के छात्र प्रिंस कुमार ने 472 अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है, वहीं +2 गांधी स्मारक उच्च विद्यालय की छात्रा चांदनी कुमारी ने 468 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इन दोनों की सफलता इसलिए भी मिसाल है क्योंकि इनके परिवार ने घोर आर्थिक तंगी के बीच इन्हें पढ़ाया है; प्रिंस के पिता रंजीत कुमार फेरी लगाते हैं और चांदनी के पिता मुकेश शाह एक दिहाड़ी मजदूर हैं,चांदनी सिविल सर्विस में जाकर देश सेवा करना चाहती है। दोनों की माताएं गृहणी हैं।प्रिंस कुमार ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है, वहीं चांदनी ने रौशन सर को अपना मार्गदर्शक बताया।इस शानदार कामयाबी से हसपुरा और गोह क्षेत्र में खुशी की लहर है।

प्लंबर के बेटे तनवीर को 93.2% अंक
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में हसपुरा प्रखंड के बिहटा निवासी तनवीर आलम ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सीनियर सेकेंडरी स्कूल पथरौल के छात्र तनवीर ने 466 अंक (93.2%) प्राप्त कर गौरवान्वित किया है। तनवीर की यह सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि उनके पिता शमी अंसारी प्लंबर का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और माता एक कुशल गृहणी हैं। दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे तनवीर अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हैं। अभावों के बीच पले-बढ़े तनवीर का सपना अब एसएससी परीक्षा पास कर राज्य की सेवा करना है।




