अमृत विहार न्यूज

संवाद सहयोगी |गोह
औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में बीते शनिवार को गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना घटी। जिसमें एक युवक धर्मेंद्र काफी गंभीर रूप से घायल हो गया था वहीं इलाज के दौरान मंगलवार की देर रात उसकी मौत हो गयी। मृतक की पहचान उसी गांव निवासी स्व. राजेंद्र चंद्रवंशी के 40 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में की गयी है। मामले में बताया जाता है कि सरकारी आहर पिंड पर गांव के लखेंद्र सिंह, देवी सिंह व लक्ष्मण सिंह ने अवैध निर्माण कर रखा था। जिसमें लक्षण सिंह के मकान को छोड़कर अन्य दो लोगों द्वारा किए गए कब्जे को कुछ माह पहले ही ध्वस्त कर दिया गया था। वहीं बीते शुक्रवार को शेष बचे अतिक्रमणकारी लक्ष्मण सिंह के अवैध कब्जे को प्रशासन द्वारा ध्वस्त किया गया। इसी बात से नाराज़ लक्ष्मण सिंह और उसके सहयोगियों ने गांव के धर्मेंद्र कुमार को जिम्मेवार ठहराते हुए मारपीट कर अधमरा कर दिया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही धर्मेंद्र का शव गांव पहुंचा कि पूरे गांव में मातम पसर गया, हर किसी की आंखें नम हो गई। मृतक अपने पीछे छोटे-छोटे तीन पुत्री व दो पुत्र छोड़ गए हैं। मामले में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना में 24 लोगों को नामजद आरोपित किया गया। जिसमें तीन आरोपितों को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है वहीं शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



