अमृत विहार न्यूज

संवाद सहयोगी|गोह
गोह (औरंगाबाद): प्रखंड अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय डंड़वां के छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक परिभ्रमण के तहत नालंदा की ऐतिहासिक व प्राकृतिक वादियों का आनंद लिया। परिभ्रमण वाहन को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार, सामुदायिक प्रशिक्षक अनिरुद्ध विश्वकर्मा उर्फ दिलीप एवं प्रधानाध्यापक बृजमोहन राम ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बीईओ ने बच्चों को बताया कि नालंदा ज्ञान की धरती होने के साथ-साथ बौद्ध, जैन, हिंदू और मुस्लिम धर्मों का संगम स्थल है। भ्रमण के दौरान 40 छात्र-छात्राओं ने शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी व शिक्षक धनंजय कुमार यादव के नेतृत्व में राजगीर के गर्म कुंड, विश्व शांति स्तूप, पावापुरी के जलमंदिर और नालंदा विश्वविद्यालय के अवशेषों को देखा। ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से देखकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने इनके धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व को समझा।



