अमृत विहार न्यूज

संवाद सहयोगी|गोह
औरंगाबाद जिले के उपहारा थाना क्षेत्र के हरिगांव नहर मोड़ के समीप शुक्रवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मियांपुर मध्य विद्यालय के शिक्षकों को लेने जा रही एक ईको वैन तेज रफ्तार बाइक को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर नहर में जा पलटी। इस हादसे के वक्त वैन में मध्य विद्यालय हरिगांव की शिक्षिका मनीषा कुमारी और चालक सवार थे। गनीमत रही कि नहर में पानी कम था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई, हालांकि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के तीन-चार विद्यालयों के लगभग आधा दर्जन शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्कूल आने-जाने के लिए निजी तौर पर एक मारुति ईको वैन भाड़े पर ले रखी है। शुक्रवार की शाम करीब 4:30 बजे, वैन मध्य विद्यालय हरिगांव से शिक्षिका मनीषा कुमारी को लेकर मियांपुर मध्य विद्यालय के अन्य शिक्षकों को लेने जा रही थी। जैसे ही वैन हरिगांव नहर चौराहे पर पहुँची, सहरसा से दरधा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वैन सीधे नहर में जा गिरी। हालांकि किसी भी तरह के कोई हताहत की खबर नहीं है, शिक्षिका और चालक को कुछ चोटे आई है।
खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट’ बना हरिगांव चौराहा
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि यह चौराहा अत्यंत व्यस्त है, जहाँ सहरसा-गम्हारी, दरधा, मियांपुर और हरिगांव की ओर से चारों दिशाओं के वाहनों का दबाव रहता है। चौराहे पर किसी भी दिशा में गतिरोधक (स्पीड ब्रेकर) नहीं है। और ना ही यहाँ कोई यातायात चिन्ह या चेतावनी बोर्ड प्रदर्शित है। ग्रामीणों ने चौराहे पर अविलंब गतिरोधक व यातायात संकेतक लगाए जाएं की बात कही है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में यहाँ कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
“हम बस तमाशा देख रहे हैं या किसी बड़ी बलि का इंतज़ार कर रहे हैं?”
-ग्रामीण



