अमृत विहार न्यूज

संवाद सहयोगी|गोह
आध्यात्मिक ऊर्जा और ‘बोल-बम’ के नारों से मंगलवार की शाम गोह की धरती गुंजायमान हो उठी। गौमुख गंगोत्री समाज के कांवर यात्रियों की एक टोली अपनी कठिन पैदल यात्रा के दौरान गोह पहुँची, जहाँ स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।कांवरियों के ठहरने और विश्राम का उचित प्रबंध पूर्व उप प्रमुख सुप्रिया देवी के निवास स्थान पर किया गया था। पूरी रात प्रवास के बाद, बुधवार की सुबह सभी कांवरियों ने अपने-अपने कांवर का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन किया और बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए अपनी आगे की यात्रा शुरू की।जत्थे में शामिल सदस्यों ने बताया कि यह दुर्गम पैदल यात्रा बीते 13 अक्टूबर को गौमुख (गंगोत्री) से शुरू हुई थी। बाबा भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा लिए यह टोली विभिन्न पड़ावों पर रुकते हुए निरंतर देवघर की ओर बढ़ रही है।

यात्रा में मुख्य रूप से राहुल शांडिल्य, सुमित आनंद झा, शंकरनाथ खवारे, रवि शांडिल्य, उदय शंकर जजवारे, राजू झा, नंदलाल नारायण, दीपक मिश्रा, पिंटू ठाकुर, नीरज भारद्वाज, शिबु पांडेय, रुपेश राय और पिंकी गोस्वामी शामिल हैं।वहीं, कांवरियों की सेवा और व्यवस्था में पूर्व उप प्रमुख के साथ रामाज्ञा मिश्रा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय, मोनू उपाध्याय, मृत्युंजय मिश्रा, लोकेश चोबे, गोपाल शर्मा और अमन शर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई और यात्रियों का उत्साहवर्धन किया।



