अमृत विहार न्यूज

गौतम उपाध्याय
गोह|औरंगाबाद
नौकरी तो मात्र एक पड़ाव है, लेकिन सहकर्मियों का प्रेम और सेवा की यादें जीवन भर की पूंजी होती हैं। कुछ ऐसा ही नजारा गोह प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में देखने को मिला, जहां फार्मासिस्ट विरेंद्र कुमार के सेवानिवृत्ति पर एक भव्य और भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रमोद कुमार और संचालन कमलेश शर्मा व डॉ. विपुल कुमार ने किया। समारोह के दौरान अस्पताल परिवार ने अपने साथी विरेंद्र कुमार को फूल-मालाओं से लाद दिया। उन्हें अंगवस्त्र श्रीमद्भागवत गीता,और श्री राम चरित मानस भेंट कर सम्मानित किया गया।

परिजनों ने पेश की सेवा और मानवता की मिसाल
इस विदाई समारोह को बेहद खास और यादगार बनाया फार्मासिस्ट विरेंद्र कुमार के परिजनों ने। सेवानिवृत्ति के इस अवसर पर उपस्थित परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत सभी स्वच्छता कर्मियों के बीच ‘शॉल’ का वितरण किया। कड़कड़ाती ठंड के इस मौसम में परिवार की इस पहल ने उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई में जुटे कर्मियों के प्रति सम्मान प्रकट करने के इस नेक कार्य की अधिकारियों और सहकर्मियों ने जमकर प्रशंसा की।

भावुक हुए विरेंद्र कुमार
अपनी विदाई से भावुक फार्मासिस्ट विरेंद्र कुमार ने कहा, “नौकरी के लंबे सफर में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन मुझे गर्व है कि मैंने हर परिस्थिति में अपने सहकर्मियों के साथ मिलकर काम किया। आज परिवार के साथ इस संस्थान से विदा लेना मेरे लिए जीवन का सबसे भावुक पल है।” इस मौके पर उनकी पत्नी आशा देवी, पुत्र अभिषेक चन्द्रा, पुत्री डॉ. जिज्ञासा चंद्रा, दामाद मयंक कुमार और पतोह नैना कुमारी व आरती कुमारी ,डॉ. अर्जुन कुमार, डॉ. श्रीनिवास कुमार, डॉ. गोल्डन कुमार, पूर्व फार्मासिस्ट कमलेश शर्मा, फार्मासिस्ट शंभू कुमार, रेणु कुमारी, सुड्डू कुमार, बीसीएल प्रदीप, रविन्द्र कुमार सहित कई गणमान्य लोग और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।



