अमृत विहार न्यूज

राजस्थान।पीआईबी
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को राजस्थान के नागौर जिले के मेड़ता सिटी में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में किसानों के बीच विभिन्न सरकारी योजनाओं की सौगातें बांटीं। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, सामाजिक न्याय मंत्री श्री अविनाश, राजस्व राज्य मंत्री श्री विजय सिंह, किसान आयोग अध्यक्ष श्री सी.आर. चौधरी, एवं कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्थान की 12,600 सड़कों के निर्माण के लिए 2,089 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है, जिससे ग्रामीण संपर्क मार्गों का व्यापक विकास होगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब किसानों को 9,000 रुपये तक की सहायता मिल रही है और बीमा दावा (क्लेम) में देरी पर कंपनियों को 12% ब्याज देना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में राजस्थान को 29,000 करोड़ रुपये की राशि इसी योजना के तहत दी गई है।एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एमएसपी दोगुना किया है। इस वर्ष केंद्र सरकार द्वारा 3 लाख 5 हजार मीट्रिक टन मूंग खरीदी को मंजूरी दी गई है, साथ ही मूंगफली और सोयाबीन की बड़ी मात्रा में खरीद भी की जाएगी ताकि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सके।केंद्रीय मंत्री ने हाल में लागू हुए विकसित भारत-जी राम जी कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कानून गांवों के कायाकल्प का माध्यम बनेगा। अब ग्राम पंचायतें ही विकास की योजना तैयार करेंगी, जिससे गांव विकसित, गरीबी मुक्त और रोजगार युक्त बनेंगे। उन्होंने बताया कि नए कानून के तहत मनरेगा के कार्यदिवस 100 से बढ़ाकर 125 कर दिए गए हैं, और यदि मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं हुआ तो ब्याज का भी प्रावधान किया गया है।श्री चौहान ने घोषणा की कि अगले सत्र में बीज अधिनियम और नकली खाद-उर्वरक की रोकथाम से जुड़ा कानून लाया जाएगा, ताकि किसानों को ठगने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



