अमृत विहार न्यूज

गौतम उपाध्याय
गोह (औरंगाबाद)। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक देवकुंड धाम में दो दिवसीय महोत्सव का सोमवार को भव्य आगाज हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक अमरेंद्र कुशवाहा, एसडीओ अमित राजन, एएसपी अशोक दास, एडीएम श्वेता प्रियदर्शिनी, प्रमुख खूशबु कुमारी, महंत कन्हैयानंद पुरी, जिप प्रतिनिधि श्यामसुंदर, पैक्स अध्यक्ष मुकेश पांडेय, मुखिया चंद्रभूषण कुमार, पैक्स उमाशंकर यादव, बनतारा मुखिया मृत्युंजय यादव, सरपंच धनंजय उपाध्याय,पंसस रामकुमार पासवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव कुमार विद्यार्थी,सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

विकास और पर्यटन पर रहा जोर
महोत्सव के दौरान स्थानीय विकास के मुद्दों ने प्रमुखता पाई:
पर्यटन का दर्जा: विधायक अमरेंद्र कुशवाहा ने देवकुंड धाम को राजकीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से जोड़ने और बहुप्रतीक्षित केंद्रीय विद्यालय के निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास का संकल्प दोहराया।
बुनियादी ढांचा: एसडीओ अमित राजन ने धाम के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि प्रखंड प्रमुख खुशबू कुमारी ने महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम बनवाने का प्रस्ताव रखा।
स्थानीय मुद्दे: महंत कन्हैयानंद पुरी और जिप प्रतिनिधि श्यामसुंदर ने गंगाधारी उच्च विद्यालय के जर्जर भवन और देवकुंड-हसपुरा सड़क की बदहाली की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
सांस्कृतिक संध्या: ‘सारेगामा’ फेम जय झा ने बांधा समां

महोत्सव की सांस्कृतिक शाम बेहद गौरवमयी रही। कार्यक्रम की शुरुआत सारेगामा फेम कलाकार जय झा ने ‘गणेश वंदना’ से की, जिसके बाद उनके गीतों पर दर्शक झूम उठे।
स्थानीय प्रतिभा: गंगाधारी उच्च विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान से अतिथियों का अभिनंदन किया।
सामाजिक संदेश: श्री सिंह उच्च विद्यालय (आंधी विगहा) की छात्रा नीतू चंद्रा ने दहेज प्रथा पर मर्मस्पर्शी गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
विविधता: शिक्षक सनोज सागर ने हिंदी फिल्मी गीतों से मनोरंजन किया।

सम्मान और संचालन
प्रशासन की ओर से स्थानीय पत्रकारों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया, वहीं अतिथियों को देवकुंड मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंट किया गया। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने में बीडीओ डॉ. राजेश कुमार दिनकर की सक्रिय भूमिका रही, जबकि मंच का कुशल संचालन अजहर आलम और विज्या अग्रवाल ने किया।



