अमृत विहार न्यूज

संवाद सहयोगी |गोह
औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र मीरपुर बिगहा में शनिवार की शाम एक 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान उक्त गांव निवासी चंदन कुमार की पत्नी रंजू देवी के रूप में हुई है, जो अपने पीछे दो छोटे बच्चों में तीन वर्षीय पुत्री काजल व एक वर्षीय पुत्र छोटू को छोड़ गई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर सबूत मिटाने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की भाई गयाजी जिले के कोच थाना मुख्यालय निवासी मिथलेश यादव ने बताया कि शनिवार की शाम बहन के पड़ोसी लोगों से सूचना मिली कि मेरी बहन की हत्या कर उसके ससुराल वालों ने गायब कर दिया है। सूचना पाकर जब बहन के घर पहुंचा तो ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार थे। बताया कि मेरी बहन की शादी वर्ष 2020 में हिंदू रिति-रिवाज के साथ संपन्न हुई थी। शादी के वक्त अपने सामर्थ्य अनुसार दान स्वरूप उपहार दिया था। शादी के कुछ वर्षों बाद से ससुराल वालों द्वारा मारपीट कर हमेशा प्रताड़ित किया जाता है। ससुराल वालों द्वारा लगातार पैसों की मांग की जाती थी। मृतका के भाई ने स्थानीय थाना में लिखित आवेदन देकर पति, भैसूर, देवर, ससुर सहित अन्य लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।



