अमृत विहार न्यूज

गौतम उपाध्याय
गोह (औरंगाबाद)। औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलन विगहा मोड़ के समीप गुरुवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई सीधी भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
गल्ला लाने जा रहा था युवक, रास्ते में मिला काल
मृतक की पहचान काजीविगहा निवासी जितेंद्र यादव के पुत्र ऋतिक रौशन कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ऋतिक घर से गल्ला (अनाज) लाने के लिए निकला था। जैसे ही वह तिलन विगहा मोड़ के पास पहुँचा, विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऋतिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में तीन लोग घायल,
इस सड़क दुर्घटना में मृतक के गांव के ही दो अन्य युवक, नागेन्द्र यादव का पुत्र पियूष कुमार और ललेन्द्र यादव का पुत्र लवकूश कुमार घायल हो गए हैं। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार गोह निवासी मुमताज को भी गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही काजीविगहा गांव में मातम पसर गया। ऋतिक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता और परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है



