अमृत विहार न्यूज

संवाद सहयोगी|गोह
औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड के देवकुंड में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर में रविवार की अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई थी। जलाभिषेक और पूजन-अर्चन का क्रम देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान लगभग 60 हजार से अधिक शिवभक्तों ने बाबा दूधेश्वरनाथ पर जलाभिषेक किया। पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से भक्तिमय बना रहा है। बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूल-मालाओं से सजाया गया था। श्रद्धालु भगवान बाबा दूधेश्वरनाथ को बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही, शहद और गंगाजल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं शाम तक विशेष आरती और शिव बारात के आयोजन की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही थी। मंदिर परिसर के आसपास में पूजा सामग्री, फूल-मालाओं और फलाहार की दुकानों पर लगातार भीड़ देखने को मिली। महाशिवरात्रि को लेकर जिला प्रशासन काफी सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए देवकुंड आने वाले सभी प्रमुख पथों पर और बाजार के चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया था।

आज से दो दिनों के लिए शुरू होगा देवकुंड महोत्सव
आज और कल यानी 16-17 फरवरी को देवकुंड स्थिति खेल मैदान में देवकुंड महोत्सव का आयोजन होगा जिसमें कई नामचीन कलाकारों व स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति होगी साथ ही स्थानीय विद्यालय के छात्र छात्राओं की भी प्रस्तुति होगी।



