अमृत विहार न्यूज

औरंगाबाद जिले का ऐतिहासिक और पौराणिक आस्था के केंद्र गोह प्रखंड का देवकुंड स्थित दुधेश्वरनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर उत्सव का माहौल है,सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। शनिवार से ही मंदिर में भक्ति जागरण महोत्सव के साथ धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई और रंग-रोगन कार्य को पूरा कर लिया गया है। रविवार को अहले सुबह से ही शिवलिंग पर जलाभिषेक व पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद संध्या काल में मठ परिसर से शिव बारात निकाली जाएगी। वहीं जिला प्रशासन के नेतृत्व में 16 एवं 17 फरवरी को देवकुंड खेल मैदान में दो दिवसीय देवकुंड महोत्सव का आयोजन होगा। जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ बाहर से आए कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। महाशिवरात्रि को जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का जिला प्रशासन द्वारा पूरा ख्याल रखा जा रहा है। इस बार महाशिवरात्रि के अवसर पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर को मठ कमेटी के द्वारा प्राकृतिक फूलों व झालरों से सजाकर आकर्षक रूप दिया गया है। सुबह से लेकर शाम तक यहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे। वहीं रात को वैदिक वेदमंत्रों से रूद्राभिषेक कर शिव व शक्ति का अभिषेक करेंगे। तत्पश्चात महंत कन्हैयानंद पुरी द्वारा शिव-पार्वती विवाह की रस्म अदा की जाएगी।
आज शाम निकाली जाएगी भव्य शिव बारात
संध्या काल में देवकुंड मठ से शिव बारात निकाली जाएगी जो बेहद आकर्षक होती है। जिसमें बैंड बाजा, तासा, भांगड़ा, हाथी, घोड़ा, ऊंट, रथ, पालकी, भांगड़ा, डीजे, भूत प्रेत की टोली और शिव पार्वती के साथ अन्य देवी-देवताओं की सुंदर झांकी निकाली जाती है। जिसमें हजारों महिला व पुरुष शिव भक्त शामिल होते हैं।



