अमृत विहार न्यूज

Amrit vihar news|Aurangabad
औरंगाबाद (बिहार): औरंगाबाद जिले के सरकारी स्कूलों में पारदर्शिता और तकनीक को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब जिले के सभी प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और कार्यरत शिक्षकों की दैनिक उपस्थिति टैबलेट के माध्यम से दर्ज की जाएगी।जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रा० शि० एवं समग्र शिक्षा), औरंगाबाद द्वारा जारी पत्र (पत्रांक 602, दिनांक 06.02.2026) के अनुसार, राज्य कार्यालय के निर्देशों के आलोक में यह व्यवस्था लागू की गई है।
FRS और बिहार अटेंडेंस ऐप अनिवार्य
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यालयों को FRS APP/BIHAR ATTENDANCE APP पर ऑनलाइन पंजीकरण करना और उसी के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य उपस्थिति प्रणाली को डिजिटल बनाना और फर्जीवाड़े को रोकना है।
एक सप्ताह का अल्टीमेटम
जिला कार्यालय ने सभी प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को सख्त निर्देश दिया है कि पत्र निर्गत होने की तिथि के एक सप्ताह के भीतर सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें।
चेतावनी: यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण और ऑनलाइन उपस्थिति की प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती है, तो संबंधित विद्यालय के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारियों को अनुशंसा भेज दी जाएगी।
तकनीकी सहायता के लिए हेल्पलाइन
शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को तकनीकी समस्या न हो, इसके लिए प्रमंडल सहायक अभियंता श्री राकेश रंजन (मो०- 9852625188) को तकनीकी सहयोग के लिए नामित किया गया है।



