अमृत विहार न्यूज

गौतम उपाध्याय
गोह (औरंगाबाद): स्थानीय थाना मुख्यालय स्थित पीएनबी (PNB) एटीएम में सुरक्षा गार्ड की तैनाती न होने का फायदा उठाकर अपराधियों ने ठगी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। जालसाजों ने चालाकी से एक बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से एक लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली।मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मीरपुर गांव निवासी बुजुर्ग आबिद हसन अपनी जरूरत के लिए रुपये निकालने गोह स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पहुंचे थे। जब वे ट्रांजैक्शन करने की कोशिश कर रहे थे, तभी एटीएम केबिन के अंदर चार अज्ञात युवक घुस आए। मदद करने के बहाने उन्होंने बुजुर्ग को अपनी बातों में उलझाया और धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसी बीच शातिरों ने उनका पिन भी देख लिया।
गयाजी के कोंच में हुई निकासी
बुजुर्ग को ठगी का अहसास तब हुआ जब दोपहर के समय उनके मोबाइल पर खाते से पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हुए। जालसाजों ने गयाजी जिले के कोंच बाजार स्थित एक एटीएम से लगभग एक लाख रुपये की राशि निकाल ली थी। अचानक इतनी बड़ी रकम खाते से गायब होने पर पीड़ित के होश उड़ गए।

पुलिस और बैंक में शिकायत दर्ज
पीड़ित आबिद हसन ने गोह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है।
“मामले की जांच की जा रही है। संबंधित एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और ट्रांजैक्शन डिटेल्स के जरिए अपराधियों का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है।”
प्रशांत कुमार सिंह (थानाध्यक्ष गोह)
अमृत विहार न्यूज की अपील
यह घटना एक बार फिर एटीएम केबिन के अंदर अनजान लोगों की मौजूदगी और सुरक्षा गार्ड की कमी पर सवाल खड़े करती है।
एटीएम केबिन में किसी भी अनजान व्यक्ति को न घुसने दें।
ट्रांजैक्शन के दौरान अपना पिन हमेशा कवर करके डालें।
किसी भी स्थिति में अपना कार्ड या पिन दूसरों को न सौंपें।



